बाईजूस कंपनी को धोखाधडी का नोटिस

मुजफ्फरनगर। बसंत विहार के विवेक त्यागी ने बाईजूस कंपनी पर आरोप लगाया है कि कंपनी ने फर्जी तरीके से उसके नाम पर एजूकेशन ऋण ले लिया है। विवेक ने कंपनी को वकील के माध्यम से नोटिस जारी करने के साथ सिविल लाइन थाने में तहरीर भी दी है।
विवेक त्यागी ने तहरीर में बताया कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री वत्सला ने बाईजूस कंपनी के विज्ञापन से प्रभावित होकर अपनी माता सीमा त्यागी के नंबर से कंपनी से संपर्क किया। कंपनी की तरफ से अंकन चक्रवर्ती ने बात की। ऑनलाइन पढ़ाई के लिए अपनी आईडी अथॉरिटी पेपर और दो हजार रुपये दे दिए। इसके बाद आठ हजार रुपये अलग से दिए गए। कंपनी ने दावा किया था कि समझ में नहीं आएगा तो पैसे वापस हो जाएंगे। ऑनलाइन शिक्षा समझ नहीं आने पर पैसे वापस मांगे गए तो कंपनी ने अवांश एजूकेशनल ऋण कंपनी के साथ मिलकर उसके नाम से 62 हजार का ऋण ले लिया। पता लगने के बाद 19 दिसंबर को उसने वकील के माध्यम से कंपनी को नोटिस भी भिजवाया है। प्रतिमाह उसके खाते से 590 रुपये की पेनाल्टी कट रही है।